स्थिर दर के बीच मिले संतोषजनक आर्डर
भाटापारा। घर लौटने की तैयारी कर रहीं हैं फास्ट रिग मशीनें। काम की गति इस बरस उम्मीद से जरूर कम रही लेकिन मिले खनन के कार्य संतोषजनक माने जा रहे हैं।
मार्च के अंतिम सप्ताह में आई बोर खनन करने वाली मशीनें पूर्व से लिए गए ऑर्डर को पूरा करने में लगी हुई हैं। साथ-साथ घर वापसी की भी तैयारियां चल रहीं हैं क्योंकि चालू सप्ताह के अंत तक प्रदेश में मानसून आमद दे सकता है।

स्थिर खनन की दर
बोर खनन करने वाली एजेंसियों के अनुसार इस बरस प्रति फीट खनन चार्ज 80 रुपए तय किया गया था। इसमें वृद्धि की संभावना तो थी लेकिन अपेक्षित आर्डर के अभाव में दरें स्थिर रहीं। इसका सीधा लाभ उन किसानों को हुआ जिन्होंने खनन करवाने की तैयारी कर रखी थी।

गहराई ज्यादा नहीं
खनन क्षेत्र यह मानकर चल रहा था कि औसत गहराई इस बरस 400 फीट तक जा सकती है लेकिन यह पूर्ववत याने 250 से 300 फीट पर बनी रही। ड्राई एरिया माने जाने वाले ग्रामीण क्षेत्र में अधिकतम 400 फीट की गहराई तक खनन का काम करवाया गया।

औसत जल स्तर
जिले मे औसत जल स्तर 150 फीट से लेकर 250 फीट पर बना हुआ है। अपवाद स्वरूप मैदानी क्षेत्र में यह स्तर कुछ ज्यादा हो सकता है लेकिन चिंताजनक स्थिति नहीं मानी जा रही है। यही वजह है कि ज्यादा गहराई तक खनन नहीं करवाए गए।