बिलासपुर। पितृपक्ष 26 सितंबर से। पितृ मोक्ष 10 अक्टूबर को। जरूरी सामग्रियों की कीमतों में आंशिक वृद्धि के बाद तैयार है बाजार जहां हल्की डिमांड ने दस्तक दे दी है।

पितृ पक्ष के लिए अब बाजार पूरी तरह तैयार है। जरूरी सामग्रियों की कीमतों में मामूली वृद्धि हुई है लेकिन खाद्य तेलों की खरीदी इस बार कुछ ज्यादा दर पर करनी होगी क्योंकि अब 1 लीटर के पैक आने लगे हैं।

मामूली बढ़त इनमें

जौ 50 से 60 रुपए किलो, काली तिल 180 से 200 रुपए किलो। आंशिक वृद्धि के बाद इनमें मांग ने दस्तक देनी चालू कर दी है जबकि उड़द की धुली दाल 135 से 140 रुपए किलो पर उपलब्ध होगी। छिलके वाली उड़द दाल 100 से 110 रुपए किलो पर स्थिर है। तेजी के संकेत फिलहाल इसलिए नहीं हैं क्योंकि थोक एवं चिल्हर बाजार में मांग के अनुरूप आपूर्ति का स्तर सामान्य बना हुआ है।

खाद्य तेल में तेजी

सरकार की सख्ती के बाद खाद्य तेल उत्पादक इकाइयों ने लांच कर दी है 1 किलो की पैकिंग। इसलिए कीमत भी बढ़ गई है। जारी दरों के मुताबिक 1 किलो की नई पैकिंग में प्रति पैकिंग दर 155 से 160 रुपए बोली जा रही है। 135 से 140 रुपए वाले पैकिंग अब अंतिम दौर में हैं लेकिन मांग में अभी भी यह बनी हुई है। खाद्य तेलों में तेजी के संकेत इसलिए मिल रहे हैं क्योंकि इकाइयां और थोक बाजार दीपावली की तैयारी में हैं।

जनेऊ और कुश

पितृ पक्ष में जनेऊ और कुश का होना अनिवार्य माना जाता है। इसलिए भरपूर भंडारण किया हुआ है होलसेल और रिटेल काउंटरों ने। कुश की खरीदी इस बार 7 से 10 रुपए में करनी पड़ेगी तो जनेऊ के लिए 60 से 70 रुपए खर्च करने पड़ेंगे। वैसे कम कीमत वाले कुश और जनेऊ भी उपलब्ध हैं लेकिन मांग में ऊंची कीमत वाले जनेऊ और कुश के रहने की ही संभावना है।