भाटापारा। स्वागतम 80 से 1400 रुपए में। शुभ-लाभ के लिए लगेंगे 10 से 100 रुपए। इतने में ही स्वास्तिक भी लिया जा सकेगा लेकिन बंदनवार सहित दूसरे शुभ चिन्हों में आई 30 फ़ीसदी वृद्धि के बावजूद स्थिर है 10 रुपए जैसी क्रय शक्ति के भीतर वाली कीमत पर श्री यंत्र।

तैयार है बंदनवार का बाजार दीपावली के लिए लेकिन इस बरस इनकी कीमतों में 30 फीसदी की जोरदार वृद्धि हुई है। ऐसे में शुरूआती रुझान कमजोर है। अंदेशा पूर्व से ही था इसलिए खुदरा बाजार ने सतर्क खरीदी की थी। वैसे भी बाजार अब 5 दिन का नहीं, मात्र 3 दिन का रह गया है।

महंगा स्वागतम और शुभ- लाभ

स्वागतम कम से कम 80 रुपए में, तो अधिकतम 1400 रुपए में लिया जा सकेगा। 10 फीट लंबाई वाला यह बंदनवार रुझान के केंद्र में है, तो 10 से 100 रुपए में शुभ-लाभ और स्वास्तिक के प्रतीक चिन्ह की खरीदी की जा सकेगी। राहत केवल श्री यंत्र से ही मिल रही है जो बीती दीवाली की कीमत यानी 10 रुपए पर स्थिर है लेकिन खरीदी को लेकर रुझान कम है।

प्रतीक चिन्ह भी महंगे

ओम, श्री, श्री लक्ष्मी के चरण, सूर्य, शंख, श्री यंत्र, त्रिशूल, पानी एवं फूलों वाला कलश तथा मछली को सुख शांति एवं समृद्धि का प्रतीक माना गया है। एक ही फ्रेम में दिए गए हैं। इन सभी को ताकि सभी के दर्शन एक साथ किये जा सकें लेकिन इनकी कीमत भी खरीदी की क्षमता से बाहर मानी जा रही है। फिर भी बेहतर की आस में है बंदनवार का बाजार।

तीन दिवस का बाजार

बंदनवार, सुख शांति एवं समृद्धि के प्रतीक चिन्हों का बाजार अब केवल तीन दिवस का ही रह गया है लेकिन रिकार्ड 30 फ़ीसदी की वृद्धि के बाद बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। खुदरा विक्रेता श्री गणेश सीजनल शॉप के संचालक बिहारी जोशी के मुताबिक अच्छी उपभोक्ता मांग की संभावना धनतेरस से लेकर श्री लक्ष्मी पूजन के दिवस से ही बनती नजर आ रही है।