भाटापारा।  महंगी पड़ेगी खरीफ फसलों की कटाई और मिसाई। रबी फसलों की प्रारंभिक तैयारियों पर भी किसानों को अब बीते बरस की तुलना में ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे।

हैरत में हैं कृषि उपकरण विक्रेता संस्थानें हार्वेस्टर, थ्रेशर, कल्टीवेटर, रोटावेटर और केजव्हील की कीमतों में आई जोरदार वृद्धि को देखकर। यह हैरत अब इसलिए हताशा में बदल जा रही है क्योंकि खरीदी तो दूर पूछ- परख तक नहीं है।

रिकॉर्ड वृद्धि हार्वेस्टर में

आम हो चला है हार्वेस्टर का उपयोग। कटाई और मिसाई एक साथ करने वाला यह कृषि उपकरण अब 26 लाख 50 हजार में ही लिया जा सकेगा। बीते बरस तक इसकी खरीदी 24 लाख 50 हजार रुपए में की गई थी। रिकॉर्ड 2 लाख की वृद्धि के बाद खरीदी को लेकर रुझान तो दूर, पूछ-परख तक नहीं है हार्वेस्टर में।

महंगा हो गया थ्रेशर भी

बीते खरीफ सत्र में 2 लाख 50 हजार रुपए। चालू खरीफ सत्र में 3 लाख 25 हजार रुपए। रिकॉर्ड 75000 रुपए महंगा होने के बाद अब थ्रेशर भी खरीदी की क्षमता से बाहर हो चला है। हल्की पूछताछ तो है लेकिन संकेत उत्साह बढ़ाने वाले नहीं माने जा रहे हैं। इसलिए विक्रेता संस्थानें निर्माता कंपनियों से अग्रिम सौदों को लेकर सावधानी बरत रहीं हैं।

गर्म यह दोनों भी

तेज वृद्धि कल्टीवेटर और रोटावेटर में भी दर्ज की जा चुकी है। कल्टीवेटर में नई कीमत 30000 से 36000 रुपए बोली जा रही हैं, तो रोटावेटर में हल्के ठहराव के संकेत मिल रहे हैं। इसमें निर्माता कंपनियों ने नई दर 1 लाख 30 हजार रुपए घोषित की हुई है। लेकिन उपभोक्ता रुझान कल्टीवेटर और रोटावेटर में भी नहीं है।