छाल और फल में मिले महत्वपूर्ण औषधीय गुण



बिलासपुर। हैरत में हैं वानिकी वैज्ञानिक, यह देखकर कि अर्जुन का हर अंग असाधारण क्षमता रखता है। असाधारण इसलिए क्योंकि इसकी छाल में हृदय की गति को सामान्य बनाए रखने के गुण की महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। जड़़, छाल, पत्तियों और फल में मिले महत्वपूर्ण औषधीय तत्व की वजह से यह औषधि निर्माण इकाइयों की मांग में लगातार बना हुआ है।

उपेक्षित तो नहीं लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि अर्जुन के पेड़ को वैसी जगह नहीं मिल पाई है, जहां इसे होना चाहिए। संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में जगह भले ही बनी हुई है लेकिन अनुसंधान में जो जानकारियां सामने आई है, उसके बाद अर्जुन का वृक्ष औषधि निर्माण कंपनियों के बीच अनमोल बन चुका है। खासकर छाल, फल और पत्तियों में मिले गुण तो हैरत में डालने के लिए मजबूर कर चुके है।

दिल का डॉक्टर

प्रारंभिक अनुसंधान में इसकी छाल को सर्वाधिक महत्वपूर्ण इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसमें हृदय की धड़कन को सामान्य रखने के गुणों की जानकारी मिली है। एक गिलास टमाटर के जूस के साथ एक चम्मच अर्जुन की छाल का पाउडर मिलाकर सेवन से इस समस्या से निजात मिलने की बात कही जा रही है।

मुंह की बीमारी होगी दूर

अर्जुन के पेड़ की छाल और फल के सेवन से मुंह का अल्सर, कैविटी, मसूड़े की समस्या के अलावा संक्रमण, दांत दर्द और बदबू के दूर करने के गुणों की भी जानकारी सामने आई है। यही वजह है कि टूथपेस्ट और टूथ पाउडर बनाने वाली इकाइयों में सबसे ज्यादा मांग अर्जुन के फल और छाल की ही निकल रही है।

मूत्र समस्या भी होगी दूर

अर्जुन के फल के गुणों की जब पहचान हुई तब उसमें पेशाब में आने वाली रुकावट को खत्म करने के औषधिय तत्वों की उपस्थिति भी मिली। इसलिए अर्जुन का फल भी मांग में आ चुका है।

बनते हैं प्राकृतिक फेस पैक

बढ़ती उम्र ,अनियमित दिनचर्या और खान-पान से चेहरे में झुर्रियों की शिकायत आम होती जा रही है। रासायनिक फेस पैक के बीच अब इसके फल से यह समस्या भी दूर की जा सकती है। अनुसंधान में फल या इसके पाउडर के साथ शहद मिलाकर चेहरे पर लगाने से राहत मिलने की जानकारी वानिकी वैज्ञानिकों ने साझा की है।

फ्रैक्चर में भी करता है मदद

अर्जुन की छाल के पाउडर को दूध के साथ मिलाकर पीने से टूटी हड्डियां शीघ्र जोड़ी जा सकती है। फल के सेवन को हड्डियों को मजबूत करने में भी मददगार पाया गया है। छाल का पाउडर शुद्ध घी के साथ मिलाकर बैंडेज बनाकर फ्रैक्चर वाली जगह पर लगाने से भी आराम की जानकारी मिल रही है।

अर्जुन के पेड़ की छाल सेहत के लिए काफी फायदेमंद है। हृदय रोग, क्षय रोग, पित्त, कब, सर्दी, खांसी, अत्यधिक कोलेस्ट्रोल और मोटापे जैसी बीमारी को इसके सेवन से दूर किया जा सकता है। इसके अलावा यह महिलाओं के लिए भी बेहद उपयोगी है।

– डॉ अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट, फॉरेस्ट्री, टी सी बी कॉलेज ऑफ एग्री एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर