00 मस्तूरी क्षेत्र के लावर में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की परिवार वालों से नजर बचाकर उसकी पत्नी भी घर के उसी कमरे में फांसी पर झूल गई

बिलासपुर। रविवार को दोपहर मस्तूरी क्षेत्र के लावर में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात में परिवार वालों से नजर बचाकर उसकी पत्नी भी घर के उसी कमरे में पहुंच गई। इसके बाद वह भी फांसी पर झूल गई। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कारणों की जांच कर रही है।
मस्तूरी थाने में पदस्थ एएसआइ प्रदीप यादव ने बताया कि लावर निवासी रविंद्र महिलांगे पिता रहस लाल(35 वर्ष) आए दिन शराब पीता था। इसके कारण उसके घर में विवाद होता था। रविवार को भी घर वालों ने उसे समझाइश दी थी। इसके बाद दोपहर दो बजे उसने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद उसकी पत्नी आशा महिलांगे (30 वर्ष) ने शव देखकर परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। शाम हो जाने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। रात में आशा अपने परिवार वालों के साथ घर में थी। रात दो बजे वह परिवार वालों की नजर बचाकर उसी कमरे में पहुंच गई। महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गई। थोड़ी ही देर में घर के लोगों ने उसे फांसी पर झूलते देखकर घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को दोनों का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। सोमवार को दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
0 देर रात तक परिवार वाले दे रहे थे दिलासा
पति की मौत के बाद आशा के साथ परिवार के सदस्य देर रात तक मौजूद थे। इस दौरान सभी उसे दिलासा दे रहे थे। रात में उसके साथ मौजूद कुछ महिलाओं की आंख लग गई। इसी बीच वह दूसरे कमरे में पहुंच गई। इसके बाद उसने फांसी लगा ली।