थाने में की शिकायत, दो दिन में हटा लेने पुलिस ने दी हिदायत

रायपुर। चींटियों को शक्कर खिलाने का शौक युवक को भारी पड़ता दिख रहा है.

राजातालाब निवासी जाहिदा बेगम ने सिविल लाइन थाने चींटियों की शिकायत की है उसका आरोप है कि पड़ोसी जुम्मन खान ने चींटियां पाल रखी हैं। पड़ोसी की चीटियां उनके घर में घुस रही हैं। चींटियों को हटाने के लिए कहने पर पड़ोसी विवाद करता है। शिकायत में जाहिदा ने बताया है कि जुम्मन खान का घर गली के अंतिम छोर पर है। उसने अपने घर से करीब दस मीटर आगे जाहिदा के घर के सामने गली के किनारे सीमेंट व ईंट को जोड़कर एक छोटा सा बेलनाकार टैंक बना रखा है। इसमें वह नियमित रूप से शक्कर डालता रहता है। इसकी वजह से बड़ी तादाद में चींटियाँ वहां जमा रहती हैं. जो उनके घर पर भी धावा बोल देते हैं. चींटियों की वजह से उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. सिविल लाइन थाना पुलिस ने जुम्मन को टैंक हटाने के लिए दो दिन का समय दिया है। किसी भी तरह का विवाद न हो इस बात की समझाइश दी गई है। नहीं हटाया तो पुलिस कार्रवाई कर हटाएगी।

पहले खाली था प्लाट, इस कारण नहीं किया विरोध

जिस स्थान पर टैंक बनाकर चींटियों को पाला गया है, वहां आसपास खाली प्लाट था। इस कारण कोई विरोध नहीं कर रहा था। अब जाहिदा का घर उसी खाली प्लाट के सामने बन रहा है। अब वहां चींटियां प्रवेश कर रही हैं। आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।