ब्लॉक का पहला पुलिस सहायता केंद्र खुला निपनिया में

भाटापारा। विकासखंड का पहला पुलिस सहायता केंद्र निपानिया में शुरू हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने रोजनामचा लिखकर इसकी विधिवत शुरुआत की।

2014 से पुलिस चौकी की स्थापना की मांग की राह खुलने जा रही है। यह तब देखने में आया जब ब्लॉक का पहला पुलिस सहायता केंद्र निपनिया में खुला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा के आदेश के बाद खुला यह पुलिस सहायता केंद्र निपनिया क्षेत्र के 22 गांवों की सहायता करेगा। इसके अलावा यह केन्द्र अपने अधिकार क्षेत्र के गांवों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखेगा।

शून्य में कायमी

शुरू हुए इस पुलिस सहायता केंद्र में जितने भी मामले या शिकायतें आएंगी, उनकी कायमी शून्य में दर्ज होंगी। इसके बाद आगे की कार्यवाही के लिए इसे ग्रामीण पुलिस थाना भाटापारा भेजा जाएगा। जहां से जांच की दिशा तय होगी और जांच अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।

ब्लॉक के पहले पुलिस सहायता केंद्र में आने वाली शिकायतें या आपराधिक घटना, शून्य में दर्ज होंगी। जांच के लिए ग्रामीण थाना से अधिकारी तय होंगे

नीरज दुबे, प्रभारी, पुलिस सहायता केंद्र, निपनिया