श्री मावली मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में
भाटापारा। देवी भक्तों के लिए राहत और खुशखबरी। प्रतिबंध मुक्त माहौल में चैत्र नवरात्रि पर श्री मावली माता के दर्शन और पूजन किए जा सकेंगे। अलबत्ता मास्क और सोशल डिस्टेंस जैसे नियमों का पालन करना होगा।
दो अप्रैल से शुरू हो रही चैत्र नवरात्रि के लिए श्री मावली माता मंदिर सिंगारपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कई मामलों में इस बरस की चैत्र नवरात्रि इसलिए विशेष मानी जा रही है क्योंकि महामारी का खतरा काफी कम हो चुका है। इसलिए देवी मां के न सिर्फ दर्शन किए जा सकेंगे बल्कि पूजा की भी अनुमति होगी। बताते चलें कि तैल ज्योति कलश के लिए बीते साल की ही तरह 651 रुपए शुल्क देय होगा।
2 अप्रैल को घट स्थापना
चैत्र नवरात्रि के लिए श्री मावली मंदिर में 2 अप्रैल की प्रातः11बजकर 36 मिनट पर घट स्थापना की जाएगी। यह दोपहर 12 बजकर 24 मिनट तक चलेगा। हवन और पूर्णाहुति 9 अप्रैल को होगी। इसके लिए रात्रि 12 बजे से रात्रि 2 बजे तक मुहूर्त है। ज्योति कलश विसर्जन और कन्या भोज 10 अप्रैल को होगा।
यह नियम अनिवार्य
कोविड-19 मामलों में गिरावट को देखते हुए प्रशासन ने बंदिशों की वापसी शुरू कर दी है लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश के मुताबिक मास्क और सोशल डिस्टेंस जैसे नियमों का परिपालन किया जाना अनिवार्य होगा।
चैत्र नवरात्रि की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकीं हैं। 2 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच यह पर्व मनाया जाएगा।
- संजय अग्रवाल, अध्यक्ष, श्री मावली मंदिर प्रबंधन समिति, सिंगारपुर
