खुले बाजार में भी आने की खबर
भाटापारा। 20 दिन के लंबे इंतजार के बाद सोसायटियों से यूरिया की आपूर्ति होने लगी है। कृषक सदस्यों को इससे बड़ी राहत मिली है। इधर खुले बाजार में भी यूरिया की उपलब्धता जल्द ही होने की खबर है।
शायद यह पहला मौका है, जब रबी फसलों को यूरिया के लिए 20 से 25 दिन का इंतजार करना पड़ा। रबी फसल ले रहे किसानों ने जैसे-तैसे करके दोगुनी कीमत देकर खुले बाजार से यूरिया की खरीदी की लेकिन मांग के अनुरूप कमजोर आपूर्ति से संकट बना रहा। अब कृषक सदस्यों के लिए यूरिया की उपलब्धता से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इनके लिए उपलब्ध
सोसायटी से यह यूरिया उन्हीं किसानों को उपलब्ध होगी, जो इनके सदस्य हैं। इसके अलावा सिंचाई के साधन भी हैं। बताते चलें कि जिले में ऐसे किसानों की संख्या अच्छी-खासी है जिनके पास सिंचाई के साधन हैं और रबी की फसल ले रहे हैं। यही किसान इस समय यूरिया के लिए सबसे ज्यादा परेशान हैं।
डबल लॉक में भी
जिला विपणन संघ और जिला सहकारी बैंक के सामंजस्य से यूरिया की आपूर्ति डबल लॉक से भी होने लगी है। इससे भी किसानों को एक बड़ी समस्या से निजात मिली है। इस तरह लंबे इंतजार के बाद किसानों का रबी फसल के लिए यूरिया का मिलना सुनिश्चित हो रहा है।
यहां भी शीघ्र
ऐसे किसान जिन्होंने रबी की फसल ली हुई है, लेकिन सोसायटी के सदस्य नहीं है, इनके लिए राहत की खबर है कि खुले बाजार में भी बहुत जल्द यूरिया की आपूर्ति की खबर है। समस्या हल हो, इसके लिए यूरिया के विक्रय पर निगरानी रखनी होगी।

