हरकत में आया प्रशासन
एसडीएम ने महामाया कोविड केयर सेंटर को अपडेट करने ली बैठक
रतनपुर। शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर हो रही कोविड की जांच में हर तीसरा बीमार करोना पॉजीटिव मिल रहा। वहीं बढ़ते संक्रमण से प्रशासन भी महामारी से निपटने सजग दिखने की कवायद में जुटा है।
गुरूवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोटा टीआर भारद्वाज ने लखनी देवी मंदिर परिसर में महामाया कोविड केयर सेंटर के संचालन को लेकर जनप्रतिनिधियों, नगरपालिका परिषद के अधिकारियों व महामाया मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन की बैठक ली। इसमें कोविड केयर सेंटर के प्रभारी डॉक्टर विजय चंदेल ने बीते साल के लंबित बकाया भुगतान का मामला उठाया। इस पर लंबित भुगतान के लिए अनुमोदन प्राप्त करने पर सहमति बनी। बीते साल ही शहर के पार्षदों ने पार्षद मद से एम्बुलेंस की खरीदी की अनुशंसा की थी। इस पर भी नगर पालिका प्रशासन के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई हैँ इस पर भी चर्चा की गई।
महामाया कोविड केयर सेंटर के आफिस कार्य के लिए कम्प्यूटर, प्रिंटर, चिकित्सकीय स्टाफ के रहने और भोजन की व्यवस्था करने के लिए श्री महामाया मंदिर ट्रस्ट रतनपुर से निवेदन किया गया। इस पर ट्रस्ट प्रबंधन के मौजूद प्रतिनिधियों ने अपनी सहमति दी। बैठक में महामाया कोविड केयर सेंटर के प्रभारी डॉ चंदेल ने चौबीस घंटे चार शिफ्ट में ड्यूटी करने के लिए स्वास्थ्य विभाग में पर्याप्त कर्मचारियों के होने की जानकारी दी। वहीं वार्ड ब्वाय और सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था जनसहभागिता से करने का अनुरोध किया जिस पर पूर्व की भांति व्यवस्था बनाने पर सहमति बनी। परिसर की सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी से पूर्व की भांति होमगार्ड के सिपाही तैनात करने पर चर्चा करने की बात कही गई।
जंबो ऑक्सीजन की रिफलिंग, परिवहन व्यवस्था के लिए भी जनसहयोग लेने पर सहमति बनी। कोरोना के संक्रमण से लोगों की बचाने मास्क पहनने और शारीरिक दूरी का पालन कर भीड़ से बचने जन जागरूकता के लिए रैली सहित विविध गतिविधिया भी जन सहयोग से करने चर्चा की गई। इस अवसर पर तहसीलदार भारत , महामाया मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी सतीश शर्मा, धर्मेंद चंदेल, संतोश शर्मा, ललित अग्रवाल, पार्षद रमेश सूर्या, हकीम मोहम्मद संतोष प्रजापति, राजा रावत विजय बिसेन सहित जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार मौजूद रहे।
सेवा करने से नहीं हटेंगे पीछे – भारद्वाज
अनुविभगीय अधिकारी राजस्व टीआर भारद्वाज ने कहा करोना का संभावित संक्रमण बढ़ा तो मिल जुल कर प्रभावित लोगों की सेवा करेंगेँ सेवा का अवसर मिलने पर सेवा करने से पीछे नहीं हटेंगे। करोना की रोकथाम के लिए लोगों से मिले सकारात्म सुझावों पर अमल करेंगेँ ।
तुरंत शुरू हो जाएगा 20 बेड का कोविड अस्पताल
गौरतलब हो की करोना के दूसरी लहर से निपटने श्री महामाया देवी मंदिर ट्रस्ट ने लखनी देवी मंदिर परिसर में आक्सीजन युक्त बीस बेड के महामाया कोविड केयर सेंटर शुरू कराने के लिए लाखों रूपए के भौतिक स्वास्थ्य संसाधन उपलब्ध कराएं थे। जिसका संचालन जन सहयोग से किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की थी। इसके प्रभारी डॉक्टर विजय चंदेल का दावा है कि अस्पताल में अभी पर्याप्त संसाधन है जरूरत पड़ी तो तुरंत उपचार सुविधा शुरू की जा सकती है।


