जनपद पर 237 कनेक्शन का सर्वाधिक 4 करोड़ बकाया
भाटापारा। बकाया वसूली की सख्ती का दूसरा दिन। राज्य विद्युत मंडल के संभाग मुख्यालय ने सात हॉस्टल का कनेक्शन अस्थाई तौर पर काट दिया। इसके अलावा सी एम ओ कार्यालय, सी एस आई डी सी, वाईन शॉप सुरखी, जनपद और 12 घरेलू उपभोक्ताओं पर भी सख्ती की बिजली गिरी।
राज्य विद्युत मंडल मुख्यालय के आदेश पर बकाया वसूली के दूसरे दिन भी, निशाने पर सरकारी कार्यालय ही रहे। इसमें जनपद कार्यालय अपने चार करोड़ की बकाया राशि के साथ शीर्ष पर रहा। कनेक्शन काटे जाने के बाद आनन-फानन में राशि की व्यवस्था की गई। जमा किए जाने के बाद इस कार्यालय की आपूर्ति सामान्य हो पाई।
पहली बार हॉस्टल
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर सात हॉस्टल संचालित हैं। जानकारी के मुताबिक इन्होंने सन 2018 से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। यह रकम 9 लाख 76 हजार 477 रुपए तक पहुंच गई है। कई नोटिसों के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं किए जाने की वजह से इन सभी हॉस्टल के कनेक्शन काट दिए गए।
किस पर कितनी राशि
- मुख्य नगरपालिका अधिकारी कार्यालय- 18 लाख 25 हजार 340 रुपए।
- जनपद के 237 कनेक्शन- 4 करोड़ रुपए।
- सीएसआईडीसी कार्यालय- 98 हजार 612 रुपए।
- वाइन शॉप सुरखी- 28हजार 650 रुपए।
- घरेलू कनेक्शन 12- एक लाख 52 हजार 314 रुपए।
बड़े बकायादारों से पहले रिकवरी की जा रही है। कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- वी साहू, जे ई, सिटी, राज्य विद्युत मंडल, भाटापारा



