बीती रात उसलापुर ओवरब्रिज की घटना

आरोपी कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज

बिलासपुर। शादी में काम कर बाइक से लौट रहे बावर्ची और दो मजदूरों की उसलापुर ओवरिब्रज पर सड़क हादसे में मौत हो गई उसलापुर पुलिस गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

क्रेटिव स्कूल के पीछे ताज हाउस भारतीय नगर बिलासपुर निवासी मोहम्मद अमीर सिद्दीकी पिता सलीम सिद्दीकी केटरिंग का काम करता है। बीती रात चैतन्य वाटिका उसलापुर में आयोजित शादी समारोह के लिए उसे खाना बनाने का काम मिला था। बीती रात शादी समारोह के खत्म होने के बाद चैतन्य वाटिका से उसके मजदूर अपने- अपने साधनों से घर लौट रहे थे। उनके केटरिंग में खाना बनाने का काम करने वाले मोहम्मद बशीर खान अपनी मोटर सायकल क्रमांक CG-10-EK-6650 पर सवार होकर तालापारा निवासी दो महिला मजदूर संगीता बाई व कारी बाई को लेकर उनके घर छोडने जा रहा था। इसी दौरान उसलापुर ओवर ब्रिज के उपर बिलासपुर की तरफ से आ रही सफेद रंग की वेगानार कार CG-10-Z-1804 के चालक ने तेज गति से लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए बशीर खान की मोटर सायकल को ठोकर मार दी ।

इससे मोटर सायकल सवार चालक व दोनों मजदूर महिलाएं उछलकर दूर जा गिरी। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि संगीता बाई और कारी बाई बाइक से उछलकर पुल के नीचे जा गिरी। वहीं बाइक के पास बशीर खान गंभीर रूप से घायल हालत में पुल के उपर पड़ा था उसका मोटर सायकल भी पुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

रास्ते में हो गई मौत

मोहम्मद अमीर सिद्दकी के मुताबिक जब वह घटना स्थल पर पहुंचा तो गंभीर रूप से घायल बसीर खान बातचीत कर रहा था। उसने घटना की जानकारी दी। दुर्घटना को अंजाम देने वाली सफेद रंग की कार क्रमांक CG-10-Z-1804 भी खडी थी तीनों घायलों को एम्बुलेंस व अपनी कार में बैठाकर सिम्स अस्पताल बिलासपुर लेकर गया।

अस्पताल में जांच के बाद डाक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। उसलापुर थाना पुलिस घटना पर आईपीसी की धारा 304 ए के तहत कार क्रमांक CG-10-Z-1804 का चालक अमन तिवारी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।