गनियारी में वजन त्यौहार

तखतपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश में 7 से 16 जुलाई तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को संसदीय सचिव रश्मि सिंह ने तखतपुर विकासखंड ग्राम पंचायत गनियारी के आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित वजन त्यौहार में शामिल हुईं । पांच वर्ष तक के बच्चों का वजन और ऊंचाई का माप लेकर उनका सुपोषण स्तर ज्ञात किया गया। रश्मि सिंह ने कहा कि स्वस्थ बच्चा उज्ज्वल भविष्य की निशानी है, वे स्वस्थ होंगे तो देश का भविष्य भी सुनहरा होगा।

बीते डेढ़ साल में कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थगत समस्या बहुत आई, सरकार का बहुत सारा बजट कोरोना की बीमारी से निपटने के लिये खर्च हुआ लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने एक भी दिन सुपोषण कार्यक्रम को स्थगित नहीं रखा। वजन त्यौहार सरकार का बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका है, जिससे बच्चों को बचाना है। सुरक्षा के लिये बच्चों का सुपोषित होना जरूरी है। बच्चे स्वस्थ रहें इसके लिये गर्भावस्था में तथा जचकी से लेकर स्तनपान कराने तक महिलाओं का ध्यान रखा जाना चाहिये। पोषक आहार वितरण, मनरेगा व पीडीएस की योजनाओं से कुपोषण में कमी आई है।
    रश्मि सिंह ने माताओं को उनके बच्चों के पोषण स्तर का रिपोर्ट कार्ड प्रदान किया। वजन कराने वाले बच्चों की सेल्फी भी ली गई। हरी झंडी दिखाकर कोविड और बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए रथ रवाना किया। इस अवसर पर जनपद सदस्य जया खांडे, सरपंच जितेन्द्र राज, महिला एवं बाल विकास के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।