शक्कर की बढ़ती कीमत का असर

बिलासपुर। महंगी पड़ेगी प्रसाद के लिए इलायची दाना और मिश्री की खरीदी। साथ वह बताशा भी दे रहा, जिसकी मांग दीपावली के दिनों में ही रहती है।

करीब आ रहे हैं गणेश उत्सव। ठीक पीछे है नवरात्रि। बाद के दिन दीपावली की तैयारी के होंगे। यानी शक्कर की मांग के दिन चालू हो चले हैं, जिसमें नई कीमत होश उड़ा रही है।

महंगा पड़ेगा प्रसाद

प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता है इलायची दाना और मिश्री लेकिन शक्कर की कीमत बढ़ने के बाद इन दोनों की खरीदी किलो पीछे 20 से 30 रुपए ज्यादा में करनी होगी। 50 से 70 रुपए किलो पर चल रहे इलायची दाना में अब नई कीमत 80 से 100 रुपए किलो बोली जाने लगी है। इसी तरह 50 से 70 रुपए किलो पर मिल रही मिश्री की प्रति किलो खरीदी पर 80 से 100 रुपए देने पड़ेंगे।

तेजी की राह पर बताशा

मूलत: दीपावली को ही बताशा का सीजन माना जाता है लेकिन बताशा इकाइयों ने इसकी तैयारी चालू कर दी है शक्कर की खरीदी करते हुए लेकिन आई तेजी के बाद बताशा के दाम अभी से बढ़ चले हैं क्योंकि पर्व और त्यौहारों की मांग पहुंच रही है पर प्रति किलो कीमत होश उड़ाने वाली मानी जा रही है। खुदरा बाजार इसमें नई कीमत अब 80 से 100 रुपए किलो बोल रहा है। तेजी के पूर्व यह 50 से 70 रुपए किलो था।

दो तरफा मार झेल रहे

शक्कर में आई तेजी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्त जांच से हलाकान हैं बेकरी और कन्फेक्शनरी आइटम बनाने वाली इकाइयां। दोनों को पीसी शक्कर खरीदनी पड़ती है जिसमें तेजी के पूर्व प्रति किलो कीमत 51 से 55 रुपए किलो थी। अब यह रिकॉर्ड 75 रुपए किलो पर मजबूत हो चली है। तूफानी तेजी और सख्त जांच के घेरे में आने के बाद केक, बिस्किट्स, क्रीम, टाॅफियां और पीपरमेंट के दाम में भी वृद्धि की तैयारी कर रहे हैं यह दोनों क्षेत्र।