प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा की आशंका

महासमुंद। आशंका प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा की। शहर की दो संस्थानों में औचक जांच में नौ बोरी पान पसंद सीज कर ली। इसका सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जहां से परीक्षण रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हलचल देखी जा रही है शहर के कारोबारी क्षेत्र में क्योंकि पहली बार खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त तेवरों में न केवल जांच की बल्कि आशंका के आधार पर गुटखा की एक बड़ी खेप सीज कर ली।औचक जांच के बाद समूचे जिले के पान मसाला कारोबारियों एवं पान ठेला संचालकों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।दबिश इन दो संस्थानों में

दबिश इन दो संस्थानों में

गंजपारा स्थिति मेसर्स मनभावन एजेंसी और मेसर्स हरीश जनरल स्टोर्स। शहर की बड़ी एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में गिनी जातीं हैं। शिकायतें काफी दिनों से थी प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा बिक्री की लिहाजा नजर रखी गई। उपलब्धता की सूचना पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती रोशनी राजपूत एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई की टीम ने छापा मारा। सूक्ष्म जांच में मेसर्स मनभावन एजेंसी में 8 बोरी पान पसंद एवं मेसर्स हरीश जनरल स्टोर्स से एक बोरी पान पसंद की बड़ी खेप भंडारित मिली। जांच टीम ने इन्हें सीज कर लिया है।लिया सैंपल

लिया सैंपल

जांच टीम ने दोनों संस्थानों की जांच के उपरांत प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा की आशंका में पान पसंद के सैंपल लिए हैं। इन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां से परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि अरसे बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की यह कार्रवाई नगर में जन चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि इसके पहले इस तरह की सख्त कार्रवाई इस कारोबारी क्षेत्र में कभी होती देखी नहीं गई।

जारी रहेगा जांच अभियान

शहर की दो संस्थानों की औचक जांच में पान पसंद के जो पैकेट मिले हैं, उन्हें सीज कर लिया गया है। इनमें प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा होने की आशंका है। इसलिए सैंपल लिए जाकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • उमेश वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद