छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

बिलासपुर । शिक्षा इंसान को व्यवहारिक बनाती है। समय के साथ संस्कारवान बनना होगा। युवा  देश का भविष्य है। संस्कारवान पीढ़ी ही देश के विकास का आधार होती है। अपनी क्षमता को पहचान कर उसे बढ़ाने का प्रयास करें। चुनौतियों का सामना करें एवं आने वाले भविष्य की चुनौतियां की तैयारी करें । यह बात मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने कही।

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय बिलासपुर व कृषि महाविद्यालय लोरमी-मुंगेली के छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह हुआ । मुख्य अतिथि चंदेल ने कहा शिक्षा से ही मनुष्य के जीवन का सर्वांगीण विकास होता है। इसलिए जीवन में अगर कुछ बनना है तो उसके लिए शिक्षा जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करते हैं। छात्र अपनी ऊर्जा का सकारात्मक एवं सृजनात्मक क्षमताओं का उपयोग अपने सर्वांगीण विकास हेतु करें। सकारात्मक विचार से ही परिणाम अच्छे मिलते हैं। हमेशा सकारात्मक सोच दिमाग में रखनी चाहिए।

अधिष्ठाता डॉ.एन.के.चौरे ने कहा छात्रों को सिर्फ किताबी शिक्षा देना मूल उद्देश्य नहीं होना चाहिए , उनमें कला, खेल व देश- प्रेम की भावना अभी से भरने की जरूरत है।
विशिष्ट अतिथि अधिष्ठाता डॉ.एस. एल. स्वामी ने कहा लक्ष्य तय करके ही विद्यार्थियों को पढ़ाई करनी चाहिए। जिसका लक्ष्य निर्धारित नहीं होता उसको मंजिल नहीं मिलती है। लक्ष्य के साथ कठिन परिश्रम कर पढ़ाई की जाए तो सफलता अपने आप मिल जाती है।

छात्रसंघ ने ली शपथ

मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के अध्यक्ष पी. लक्ष्मी नागा प्रमिला, उपाध्यक्ष मानसी चंद्राकर, सचिव मनुश्री मेहता एवं सह-सचिव पी. दीपिका, कृषि महाविद्यालय लोरमी- मुंगेली के अध्यक्ष नेहा निषाद, उपाध्यक्ष शांति साव, सह-सचिव रूपेश कुमार पटेल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
एमएससी कृषि पूर्व की कृतिका भारद्वाज, विनायक बादल पैकरा, बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष की अमृता, बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की आकांक्षा कश्यप, बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के नितिन साहू, पंकज कुमार, बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के गौतम कुमार कुम्हार, शालिनी रात्रे तथा कृषि महाविद्यालय लोरमी -मुंगेली के बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की यशुमति, बीएससी द्वितीय वर्ष के चेतन वर्मा, बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की गीतांजलि करवार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

खिलाड़ी हुए पुरस्कृत

अंतर क्षेत्रीय (विश्वविद्यालय स्तरीय) खेलकूद प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अनुराग टोप्पो, वीणा उसारे, अनंत राम कश्यप को प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रभारी अजीत विलियम्स ने किया। राजेश कुमार साहू ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।