एसपी की दखल के बाद लिखी एफआईआर
रतनपुर। मंगलवार को नगर पालिका परिषद आम चुनाव का मतदान छुटपुट घटनाओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। वहीं देर शाम बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। जहां वे निष्कासित भाजपा नेता के खिलाफ अपराध दर्ज कराने अड़ गए। काफी हंगामा और एसपी की दखल के बाद निष्कासित भाजपा नेता और निर्दलीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के खिलाफ गाली-गलौच और धमकी देने का अपराध दर्ज किया गया है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर में मंगलवार की देर शाम भाजपा नेता और अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रतनपुर थाना पहुंचे। उनका आरोप है कि भाजपा से निष्कासित नेता कन्हैया यादव ने उनके कार्यकर्ता उधम सिंग के साथ खुले आम गाली-गलौच की। परिवार के साथ अमेरिका में रहने वाले एन आर आई उधम सिंग ने बताया पुराना बस स्टैंड के पास आशा भोजनालय के सामने कन्हैया यादव अपने साथियों के साथ खड़े थे। पुराना परिचित होने की वजह से वे उनसे मिलने पहुंचे। जहां देखते ही आरोपी कन्हैया यादव ने उनको अश्लील गाली-गलौच शुरू कर दी। जिसके बाद वे मौके से अपनी कार में सवार होकर आगे बढ़ गए। घटना की जानकारी उसने भाजपा नेताओं को दी। जिससे बाद बड़ी संख्या में देर शाम भाजपा घटना पर एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे गए। थाने में दो सिपाही ड्यूटी पर थे। जिसमें एक नीरज कश्यप वर्दी में था।

दूसरा पंचराम रजक सिविल ड्रेस में था। थाने में मौजूद सिपाही नीरज कश्यप ने भाजपा नेताओं से शिकायत लिखकर देने बात कही। इस पर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। कुछ देर बाद एक एस आई थाने पहुंचा। उन्होंने भाजपा नेताओं की शिकायत सुनी। फिर एफआईआर दर्ज करने आनाकानी करने लगा।
काफी देर बाद भी अपराध दर्ज नहीं करने पर भाजपा नेता लवकुश कश्यप ने पुलिस अधीक्षक को काल कर मामले की शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने फोन पर ही थाने में मौजूद एसआई को एफआईआर दर्ज करने निर्देशित किया। जिसके बाद लब्बा सिंधु ने आरोपी कन्हैया यादव के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराई। रतनपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।