राज्यपाल डेका ने दीक्षांत समारोह में प्रदान किए
बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर की छात्रा अमृता मंडल ने 87.3 प्रतिशत अंक अर्जित कर कृषि स्नातक उपाधि में दिव्यांग विद्यार्थियों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। इसपर उसे स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। वहीं गुगलावत अश्विन कुमार ने स्नातकोत्तर सस्य विज्ञान (एग्रोनॉमी) में 85.4 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस पर उसे रजत पदक प्रदान किया गया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में 10 वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका रहे। राज्यपाल डेका ने कहा कृषि एक शानदार व्यवसाय है। कृषि स्नातक यदि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नई तकनीकों और अनुसंधान का सही उपयोग करें, तो वे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, प्रबंध मंडल के सदस्य, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, छात्र-छात्राएं व अभिभावक उपस्थित रहे। दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है।
16 स्वर्ण और 18 रजत पदक प्रदान किए
दीक्षांत समारोह के दौरान सत्र 2022-23 और 2023-24 के छात्रों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर 16 स्वर्ण, 18 रजत और 4 कांस्य पदक मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए गए।
