कहा भूमिका की जांच किए बगैर कर दी एकतरफा कार्रवाई
महासमुंद जिले में रिश्वत लेते एएसआई का विडियो वायरल होने का मामला
महासमुंद। तुमगांव थाना के एएसआई का रिश्वत लेते हुए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने एएसआई के साथ थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। एकतरफा कार्रवाई से व्यथित टीआई ने छवि खराब होने की बात कह कर पुलिस अधीक्षक को इस्तीफा सौंप दिया है। इसकी कापी सोशल मीडिया में वायरल होने से बवाल मचा है।
गौरतलब हो कि 15 जून को एक ट्रांसपोर्टर ने महासमुंद जिले के तुमगांव थाना में पदस्थ एएसआई का रिश्वत लेते हुए मोबाइल में वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने तुमगांव थाने में पदस्थ टीआई शरद ताम्रकर व एएसआई विजेंद्र चंदनिहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई से नाराज निलंबित टीआई शरद ताम्रकर ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि थाना तुमगांव में पदस्थ एएसआई विजेंद्र चंदनिहा वीडियो में किसी से पैसे का लेन देन करते दिखाई देने के इस प्रकरण में मेरी भूमिका की जांच किए बगैर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 18 जून को निलंबित कर रक्षित केन्द्र में पदस्थ करने का आदेश जारी किया गया।
टीआई ने लिखा कि इस लेन-देन में मेरी किसी प्रकार की भूमिका प्रमाणित नहीं हुई है, ना ही इस लेन-देन के विडियो में कहीं मैं उपस्थित हूं। निलंबिन की कार्रवाई से मेरी छवि खराब हो रही है, जिससे आहत होकर प्रशासनिक कारण से अपने पद से त्यागपत्र देता हूं।

