सूरजपुर वन मंडल में हाथी के मृत मिलने का मामला
रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने सूरजपुर वनमंडल क्षेत्र में पाए गए मृत हाथी के मामले में लापरवाही को लेकर नाराजगी व्यक्त कर विभागीय अमले के खिलाफ तत्काल कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तारतम्य में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन अधिकारियों का संलग्नीकरण करते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर किया है। गौरतलब है कि विगत 11 जून को प्रतापपुर परिक्षेत्र, सूरजपुर वनमंडल के अंतर्गत दरहोरा बीट के कक्ष क्रमांक-101 में मृत नर हाथी पाया गया। इस प्रकरण में तत्कालिक तथा प्रभावशाली कार्यवाही नहीं करने और कत्र्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के कारण उक्त अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
वनमंडलाधिकारी सूरजपुर शदुलेश्वर प्रसाद साहू को तत्काल प्रभाव से प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय अटलनगर नवा रायपुर में संलग्न किया गया है। वही उप-वनमंडलाधिकारी प्रतापपुर वनमंडल सूरजपुर बीके लकड़ा और वन क्षेत्रपाल, परिक्षेत्र अधिकारी प्रतापपुर वनमंडल सूरजपुर प्रेमचंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से मुख्य वन संरक्षक कार्यालय सरगुजा वृत्त, अंबिकापुर में संलग्न किया गया है। इसके अलावा वनपाल, परिक्षेत्र सहायक प्रतापपुर विजय कुमार कुजूर वनरक्षक, परिसर रक्षक, दरहोरा बीट, वनमंडल सूरजपुर मानसिंह के निलंबन का आदेश जारी किया गया है।
