अजवाइन, सूर्यमुखी और कुम्हड़ा भी खूब



बिलासपुर। बॉडी फिटनेस में अब अहम माने जाने लगे हैं, चिया और सूर्यमुखी सीड्स। समानांतर में सौंफ, अजवाइन और कुम्हड़ा के बीज को भी नया मांग क्षेत्र मिलने लगा है। ऐसे में कीमत आसमान पहुंचने लगी है।

घरेलू और सब्जी बाड़ियों के बाद पांच ऐसी फसलों के बीज का सेवन अब अहम माना जा रहा है, जो शरीर की चुस्ती बनाए रखते हैं। मेडिशनल प्रॉपर्टीज से भरपूर इन बीजों के सेवन की सलाह अस्पताल और आयुर्वेदिक औषधालय ही नहीं बल्कि बॉडी फिटनेस सेंटर और जिम से दी जा रही है। सलाह स्वीकार भी की जा रही है। इसलिए मांग और कीमत में दोगुनी उछाल देखी जा रही है।

यह पहली बार

चिया और कुम्हड़ा के बीज। अनुसंधान के बाद इन दोनों में ऐसे मेडिशनल प्रॉपर्टीज का होना प्रमाणित हुआ है, जो शरीर की स्पूर्ति देर तक बनाए रखते हैं। नियमित रूप से जिम जाने वालों के लिए  बेहद अहम है इनका सेवन। इसलिए नियमित सेवन की सलाह दी जा रही है। बढ़ भी रही है मांग। ऐसे में 140 ग्राम का कुम्हड़ा बीज का पैक 170 रुपए पर मजबूत है। जबकि 150 ग्राम का चिया सीड्स 190 रुपए में खरीदे जा रहे हैं।

पहली बार सूर्यमुखी, अजवाइन और सौंफ

बॉडी फिटनेस के लिए सूर्यमुखी के बीज, अजवाइन और सौंफ को भी कारगर माना जा रहा है। ऐसे में इनका सेवन नियंत्रित मात्रा में करने की सलाह दी जा रही है। इसलिए छोटे पैक में इनकी उपलब्धता नजर आने लगी है। कीमत की बात करें, तो सूर्यमुखी बीज का 80 ग्राम का पैक 130 रुपए और अजवाइन सीड्स का 170 ग्राम का पैक 110 रुपए में खरीदे जा रहे हैं। जबकि सौंफ का 140 ग्राम वजन वाला पैक 170  रुपए में खरीदा  जा रहा है।

सलाह फिटनेस सेंटर से

अस्पताल या आयुर्वेदिक औषधालय से नहीं बल्कि फिटनेस सेंटर से मिल रही यह सलाह नियमित कसरत करने वालों से होती हुई बाजार तक पहुंच रही है। ऐसे में इन सभी बीज को नया उपभोक्ता बाजार मिल रहा है। मांग जैसा विस्तार ले रही है उसे देखते हुए संस्थानों की संख्या में और वृद्धि के आसार बन रहे हैं।

पोषण के भंडार

सभी बीज प्राकृतिक रूप से पोषण के भंडार है। बीज ऊर्जा के अच्छे स्रोत, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं मांसपेशियों को मजबूत बनाने का गुण रखते हैं। इनके नियमित सेवन से शरीर को कई लाभ मिलते हैं।

अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट (फॉरेस्ट्री), बीटीसी कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर