पटेल और शर्मा को नोटिस



बलौदा बाजार। नकेल अब कालातीत कीटनाशकों के सही रख-रखाव नहीं होने पर कसी जाने लगी है। पहली बार दो संस्थानें इस जांच के घेरे में आई। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दी गई।

कृषि आदान सामग्री विक्रय केंद्रों की सघन जांच और कार्रवाई का सिलसिला जारी है। स्कंध पंजी और मूल्य सूची के बाद विभाग ने कालातीत दावाओं के रख-रखाव पर नकेल कसनी चालू कर दी है। सही नहीं था रख-रखाव का तरीका। इसलिए अर्जुनी और करही बाजार की संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दी गई है।

यहां पहुंचे उप संचालक

जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर की दूरी पर है अर्जुनी। आबादी और रकबा के लिहाज से बड़ा है अर्जुनी। इसलिए कृषि सेवा केंद्रों की संख्या अच्छी- खासी है। उपसंचालक दीपक नायक ने जब यहां के शर्मा कृषि केंद्र की जांच की। जांच का दायरा बढ़ाने पर यह जानकारी देखने में आई कि कालातीत कीटनाशकों का रख-रखाव सही तरीके से नहीं किया गया है। उर्वरक की स्कंध पंजी का संधारण नहीं मिला। मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दी गई।

शिकायत करही बाजार में भी

कीटनाशक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय ने करही बाजार के पटेल कृषि केंद्र में दबिश दी। स्कंध पंजी का संधारण यहां भी नहीं मिला। कालातीत कीटनाशकों के लिए अलग से व्यवस्था करने के निर्देश का पालन होता नहीं मिला। इसके अलावा कई और गलतियां मिली। इसलिए संस्थान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दी गई।