छात्रसंघ शपथ ग्रहण व वार्षिकोत्सव संपन्न
छात्र छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति
बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर ने अपनी स्थापना के 20 वर्षों में शिक्षा, अनुसंधान, विस्तार गतिविधियों में उत्तरोत्तर उन्नति की है। यह बात मुख्य अतिथि डॉ. गिरीश चंदेल, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने कही।
शुक्रवार को बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर का छात्रसंघ शपथ ग्रहण एवं वार्षिकोत्सव संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि चंदेल ने कहा शिक्षा एक इंसान के जीवन में बहुत अहमियत रखती है। शिक्षा से ही मनुष्य के जीवन का सर्वांगीण विकास होता है। इसलिए जीवन में अगर कुछ बनना है तो उसके लिए शिक्षा जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करते हैं। छात्र अपनी ऊर्जा का सकारात्मक एवं सृजनात्मक क्षमताओं का उपयोग अपने सर्वांगीण विकास के लिए करें।

देश के नव निर्माण में भूमिका निभाएं
स्वागत उद्बोधन में अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. तिवारी ने कहा वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन महाविद्यालय की वर्ष भर की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करना है। युवा पीढ़ी ही देश के कर्णधार हैं। इन्हें तराश कर देश के नवनिर्माण में भूमिका निभाने की जरूरत है। छात्रों को सिर्फ किताबी शिक्षा देना मूल उद्देश्य नहीं होना चाहिए बल्कि उनमें कला, खेल व देश- प्रेम की भावना अभी से भरने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने कहा लक्ष्य तय करके ही विद्यार्थियों को पढ़ाई करनी चाहिए। जिसका लक्ष्य निर्धारित नहीं होता उसको मंजिल नहीं मिलती है। लक्ष्य के साथ कठिन परिश्रम कर पढ़ाई की जाए तो सफलता अपने आप मिल जाती है।

इंसान को व्यवहारिक बनाती है शिक्षा
विशिष्ट अतिथि आनंद मिश्रा, सदस्य प्रबंध मंडल, ने कहा कि सकारात्मक विचार से ही परिणाम अच्छे मिलते हैं। इसलिए हमेशा सकारात्मक सोच दिमाग में रखनी चाहिए। उन्होंने कहा शिक्षा इंसान को व्यवहारिक बनाती है। शिक्षा के साथ संस्कारवान बनना होगा। युवा देश का भविष्य है। संस्कारवान पीढ़ी ही देश के विकास का आधार होती है।

मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए अध्यक्ष महक छाबड़ा, उपाध्यक्ष श्रद्धा राव, सचिव अभिलाषा बाखला, सह-सचिव जय श्रीवास्तव को शपथ दिलाई गई। कक्षा प्रतिनिधियों को भी शपथ दिलाई गई। एमएससी कृषि अंतिम वर्ष की शिवानी मिश्रा, एमएससी कृषि पूर्व के गेंद लाल, बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष की अपूर्वा भारती, तृतीय वर्ष के राहुल पटेल, द्वितीय वर्ष की शुभांगी शर्मा, अमृता व कृषि प्रथम वर्ष के वैभव वर्मा ने पद, गोपनीयता की शपथ ली। प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। शपथ ग्रहण के बाद वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। वार्षिकोत्सव में महक छाबड़ा, माही वशिष्ठ व मानसी चंद्राकर का सहयोग रहा। अध्यक्ष आयोजन समिति डॉ. एनके चौरे ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक व बड़ी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे ।