नवरात्रि पर बाजार गुलजार

भाटापारा। राहत दे रही है प्रसाद सामग्रियों की स्थिर कीमत लेकिन उपवास के बाद सेवन किया जाने वाला साबूदाना बेहद गर्म हो चुका है। इसके बावजूद इसमें खरीदी निकली हुई है।

चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू हो चुका है। इसके समानांतर में पूजा और प्रसाद सामग्रियों का बाजार निकला हुआ है। हमेशा की तरह इलायचीदाना मांग के शिखर पर है, तो पूजा सामग्री में नारियल, धूप और अगरबत्ती की जोरदार मांग निकली हुई है। इसमें तेजी तृतीया के बाद की तिथियों में आने की प्रबल संभावना है।

शिखर पर इलायची दाना

शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की देवी मंदिरों में प्रसाद के रूप में दिया जा रहा इलायचीदाना की बाजार से कीमत प्रति 300 ग्राम का पैकेट 15 से 20 रुपए में पहुंच रहा है। फूटा चना 90 से 100 रुपए किलो और मूंगफली दाना 140 से 150 रुपए किलो की कीमत में पहुंच रहा है। सर्वाधिक मांग नारियल में निकली हुई है। यह 18 से 25 रुपए में उपलब्ध हो रहा है।

फलाहार दिखा रहा गर्मी

हमेशा की तरह साबूदाना में मांग का दबाव बनने लगा है। तेजी के बाद यह प्रति 500 ग्राम का पैकेट 75 से 80 रुपए में क्रय किया जा रहा है। फलों में अंगूर 100 रुपए किलो, केला 40 से 70 रुपए दर्जन, सेब 160 से 240 रुपए किलो पर उपलब्ध है। संतरा और मोसंबी की कीमत भी तेज जा रही है।