बादलों की आवाजाही से हल्की उमस
बिलासपुर। सूर्य चमकने की अवधि में आंशिक कमी आ रही है लेकिन बादलों की आवाजाही से रात का तापमान बढ़त ले रहा है। संकेत, गर्मी बढ़ने के ही मिल रहे हैं।
मौसम में नित नया बदलाव आ रहा है। दोपहर में हल्की गर्मी बीते सप्ताह से महसूस की जा रही है। नया परिवर्तन, अब रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा होने के रूप में देखा जा रहा है। मौसम परिवर्तन के अन्य कारकों में भी हल्का परिवर्तन देखा जा रहा है।
रात का तापमान बढ़ रहा
मौसम परिवर्तन की बेला में बादलों की आवाजाही बढ़ी हुई है। इसकी वजह से सूर्य चमक की अवधि में कमी दर्ज की जा रही है। असर, सीधे रात के तापमान पर पड़ने लगा है। फिलहाल रात का तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस है। यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसमें वृद्धि के संकेत मिल रहे हैं।

सूर्य चमक की अवधि कम
बीते 2 दिन से बादलों की आवाजाही बढ़ी हुई दर्ज की जा रही है। इसकी वजह से सूर्य चमक की अवधि 9 घंटे की जगह 8 घंटे के आसपास दर्ज की जा रही है। राहत तो है लेकिन यही ऐसा कारक है, जिसके कारण हल्की उमस महसूस की जा रही है। आसार इसके भी बढ़ने के ही मिल रहे हैं।
ऐसा है तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास ठहरा हुआ है। जबकि नमी की मात्रा 80 प्रतिशत पर आ चुकी है। वायु वेग 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा पर स्थिर है। सूर्य चमक 8 घंटा के आसपास आ चुकी है। बदलाव के आसार बने हुए हैं।
बढ़ रहा नाइट टेंपरेचर
बादलों की आवाजाही की वजह से रात का तापमान बढ़ा हुआ है। इसमें आंशिक वृद्धि के संकेत मिल रहे हैं।
– डॉ एस आर पटेल, रिटायर्ड साइंटिस्ट, एग्रोनॉमी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर