डिवाइडर से टकरा गई कार

अभनपुर थाना क्षेत्र की घटना

रायपुर । बुधवार की सुबह सड़क हादसे में पांच महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है। कार में सवार महिलाएं नदी के संगम में पुन्नी स्नान कर मेले में शामिल होने भिलाई से राजिम जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह भिलाई के सुभाष नगर से निवासी परिवार कार में सवार होकर पुन्नी स्नान के लिए राजिम मेला जा रहे थे। इस दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर अभनपुर केन्द्री के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। गंभीर चोंटे आने से मौके पर ही पांच महिलाओं की मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को गंभीर हालत में मेकाहारा में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुँची. पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भिजवाया. मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही.

मृतकों में ये हैं शामिल

मृतकों में सुचिता साहू 65 वर्ष, काजल 60 वर्ष, सविता दास 65, रीना चौधरी 75 वर्ष, रीना दास 75 वर्ष के नाम बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अभनपुर केंद्री के पास कार दुर्घटना में 5 महिलाओं की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। ये महिलाएं भिलाई से राजिम पुन्नी मेले में शामिल होने के लिए जा रही थी। कार के डिवाइडर से टकराने से यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। श्री बघेल ने इस दुर्घटना में घायल ड्राइवर को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।