9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन

भाटापारा। कोरोना पॉजिटिव के नए मामले सामने आने के बाद अंबुजा विद्यापीठ में 9 वीं से 12वीं तक की कक्षाएं 1 सप्ताह के लिए स्थगित कर दी गई हैं। इस दौरान ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से ही पढ़ाई की जा सकेगी।

सरकारी और निजी क्षेत्र की स्कूलों में ऑफलाइन पढ़ाई की शुरुआत लगभग 16 माह बाद हो चुकी है। सुरक्षा के लिहाज से जारी गाइडलाइन के मुताबिक कक्षाएं चलने लगी हैं लेकिन जिले में क्वालिटी एजुकेशन के लिए मानी जाने वाली निजी क्षेत्र की स्कूल अंबुजा विद्यापीठ में पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। स्कूल प्रबंधन को जारी आदेश के बाद 1 सप्ताह के लिए ऑफलाइन क्लास को प्रतिबंधित कर दिया गया है।


टीचर सहित परिवार संक्रमित

कोरोना गाईडलाईन के पालन की शर्त पर चालू हुई ऑफलाइन पढ़ाई ठीक तरह से पटरी पर लौट नहीं पाई थी कि एक टीचर व उनके परिवार के संक्रमित होने की पुष्टि ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। स्कूल प्रबंधन को कड़ी हिदायत दी गई है कि जरूरी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करें ताकि संक्रमण फैलने ना पाएं।


एक सप्ताह के लिए स्कूल बंद

कलेक्टर के आदेश पर अंबुजा विद्यापीठ प्रबंधन ने कक्षा 9 वीं से कक्षा 12 वीं तक की ऑफलाइन क्लास पर 13 से 18 सितंबर तक रोक लगा दी है। इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था पहले की ही तरह जारी रहेगी। प्रबंधन ने ताजा फैसले की जानकारी जिला प्रशासन, छात्रों और पालकों को भी दे दी है।


शहर से भी जाते हैं छात्र

क्वालिटी एजुकेशन के लिए पहचानी जाने वाली अंबुजा विद्यापीठ में शहर के भी छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में पढ़ते हैं। संक्रमण की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम लवीना पांडे ने इसकी जानकारी कलेक्टर सुनील कुमार जैन को दी थी, जिसके बाद यह आदेश जारी हुआ है।

अंबुजा विद्यापीठ में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद कलेक्टर के आदेश पर ऑफलाइन पढ़ाई 13 से 18 सितंबर तक बंद रहेगी। इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन ने छात्रों और पालकों को दे दी है।

  • लवीना पांडे, एसडीएम, भाटापारा