बगीचा के तहसील चौक पर हुआ हादसा
जशपुरनगर। बगीचा स्थित तहसील चौक के पास शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार दो बाइक में भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक चला रहे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों ही बाइक में पीछे बैठे 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतकों में एक अपने साथी के साथ शोक पत्र बांटकर घर लौट रहा था ।
शनिवार की सुबह जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र के ग्राम डूमरटोली निवासी 28 वर्षीय दीपक नागेश पिता अकलू अपने गांव के ही दोस्त 40 वर्षीय सुखदेव पिता मनबहाल के साथ शोक पत्र बांटने निकला था। शोक पत्र बांटकर वह दोपहर में घर की ओर लौट रहा था। बगीचा स्थित तहसील चौक के पास पहुंचा ही था कि सामने से तेज रफ्तार में बाइक में आ रहे ग्राम रूपसेरा भडिय़ा निवासी मुकेश बंसोड़ पिता राजू व झांपीदरहा निवासी चंदन सिंह पिता संजय की बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।हादसे में दीपक नागेश व मुकेश बंसोड़ की मौके पर ही मौत हो गई। सुखदेव व चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से चारों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद दीपक व मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वही सुखदेव व चंदन की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया।
