बिलासपुर। थोक में 30 रुपए। चिल्हर में 35 से 40 रुपए। नारियल सूखा में प्रति नग बोली जा रही इस कीमत के बाद नारियल कच्चा भी तेवर दिखाने लगा है।बढ़त की धारणा इसलिए मजबूत है क्योंकि नवरात्रि के लिए मांग अब बढ़ते क्रम पर है।

थोक बाजार के बाद अब चिल्हर बाजार तैयार है नारियल की संभावित बेहतर मांग पूरी करने के लिए लेकिन इस बार नारियल में तेजी का विशेष दौर चला हुआ है। इसके पीछे देश स्तर पर मांग और निर्यात बड़ी वजह मानी जा रही है। ऐसे में कीमतों में वृद्धि का दौर लंबी अवधि तक बने रहने की आशंका है।

सूखा 30 से 40 रुपए

नारियल सूखा थोक में भले ही 25 से 30 रुपए बोला जा रहा हो लेकिन खुदरा बाजार इसमें प्रति नग कीमत 30 से 40 रुपए बता रहा है। नवरात्रि के लिए देवी मंदिरों के बाहर खुली दुकानें परिवहन लागत को जोड़कर यह दर बता रही है।चल रही प्रति नग कीमत में बढ़त की आशंका इसलिए व्यक्त की जा रही है क्योंकि दीप पर्व की तैयारियों ने जोर पकड़ा हुआ है।

दबाव में कच्चा नारियल

कच्चा नारियल बड़ा 28 रुपए 50 पैसे, छोटा नारियल 30 रुपए। थोक में बोली जा रही प्रति नग यह कीमत चिल्हर बाजार को भी प्रभावित कर रही है। बाजार सूत्रों के मुताबिक बड़ा कच्चा नारियल 32 से 35 रुपए और छोटा कच्चा नारियल में प्रति नग कीमत 35 से 40 रुपए पर पहुंच चुकी है। तेजी की आशंका इसलिए व्यक्त की जा रही है क्योंकि मांग में पहले पायदान पर है।

अब दीपावली की तैयारी

नवरात्रि की मांग पूरी कर लेने के बाद थोक बाजार अब दीपावली की तैयारी में जुट गया है। उत्पादक क्षेत्र से संपर्क बढ़ाया जा रहा है साथ ही अग्रिम सौदे भी किए जाने लगे हैं क्योंकि निर्यात और देश स्तर पर मांग की गति अभी भी बनी हुई है।