बिलासपुर। बाजार शांत हो रहा है लेकिन क्रेता और विक्रेता के बीच भाव को लेकर कहा- सुनी बदस्तूर जारी है। यह स्थिति प्लास्टिक के पारदर्शी पन्नी विक्रेता संस्थानों में ज्यादा देखी जा रही है क्योंकि भाव में मजबूती अभी भी बनी हुई है।
पारदर्शी पन्नियों के लिए प्लास्टिक बाजार ने तैयारी चालू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों की मांग निकलने लगी है लेकिन मजबूत भाव आड़े आ रही है खरीदी की राह में। अनिवार्य है इसलिए खरीदी के दौरान कहा- सुनी जैसी स्थितियां होलसेल काउंटरों को हताश कर रहीं हैं। फिर भी जैसे- तैसे करके सौदे लिए जा रहे हैं।

भाव को लेकर बहस
फर्स्ट ग्रेड ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक शीट प्रति किलो भाव 200 से 210 रुपए। प्लास्टिक के दानों की सामान्य आपूर्ति के दिनों में यह 140 से 150 रुपए किलो पर मिलता था। जबकि सेकंड ग्रेड क्वालिटी का उत्पादन 40 रुपए किलो की तेजी के बाद 170 रुपए किलो पर पहुंचा हुआ है। यह तूफानी तेजी ही क्रेता और विक्रेता के बीच बहस का विषय बनी हुई है। क्रेता जहां पूर्व की दरों का हवाला दे रहा है, तो विक्रेता संस्थानें उत्पादक क्षेत्रों से ही तेजी का आना बता रहीं हैं।
निकल रही इनकी मांग
बारिश से मिट्टी की दीवारों का बचाव तो होता ही है। इसके अलावा पैरा, लकड़ियों और उपलों को भी ढंकने के काम आती है प्लास्टिक की पन्नियां। इसलिए ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों की खरीदी जोर पकड़ रही है। शहरी उपभोक्ता की डिमांड तिरपाल में निकलने की संभावना है। इसलिए विभिन्न साइज के तिरपाल का भंडारण कर चुका है यह बाजार।

मजबूत यह भी
प्लास्टिक स्क्रेप अभी भी 80 से 90 रुपए किलो पर मजबूत है। बदलाव यह आया है कि सप्लाई लाइन आहिस्ता- आहिस्ता चालू होने लगी है, जिससे इकाइयों में हल्की राहत देखी जा रही है जबकि प्लास्टिक के दानों पर लगी बंदिश अभी भी पूर्ववत स्तर पर बरकरार है। इसकी वजह से प्लास्टिक स्क्रैप बेचने वालों पर इकाइयों की मांग का दबाव बना हुआ है।
