कुआकोंडा थाना पुलिस ने सूचना मिलने पर गाड़ी की व्यवस्था कर पहुंचाया घर

नकुलनार/दंतेवाड़ा। पैसा नहीं होने पर परिजन शव को चारपाई पर रख कंधे पर उठाकर 25 किलोमीटर दूर स्थित गाव  टिकनपाल ले जाने पैदल ही निकल पड़े। शव लेकर परिजन करीब 10 किलोमीटर चल चुके थे। इसी दौरान कुआकोंडा थाना पुलिस को मामले की जानकारी हुई उन्होंने गाड़ी की व्यवस्था कर शव को गांव पहुंचाया।

मृतक महिला के परिजन रमेश ने बताया टिकनपाल निवासी महिला जोगी पोडियाम की शुक्रवार को रेगानार में बीमारी से मौत हो गई। वह अपने रिश्तेदार के घर रेगानार आई थी, जहां तबियत खराब होने पर उसकी मौत हो गई। शव का अंतिम संस्कार करने गांव ले जाने परिजनों के पास पैसा नहीं थे, परेशान परिजनों ने 25 किलोमीटर दूर शव को गांव ले जाने चारपाई को उल्टा कर उसकी डोली बनाई। इसमें शव को रख कर कंधे पर उठा कर वे गांव जाने के लिए पैदल ही निकल पड़े। 10 किलोमीटर चल लेने के बाद भी उन्हें रोड पर एक भी संवेदनशील इंसान नहीं मिला जो उनकी तकलीफ को महसूस कर मदद के लिए कुछ पहल कर सके। किसी संवेदनशील इंसान ने मामले की सूचना कुआकोंडा थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे । उन्होंने पिकअप गाड़ी की व्यवस्था कर शव को कुछ जवानों के साथ गाँव भेजा।

रेगानार से 25 किमी दूर है टिकनपाल पंचायत

मृतक महिला के रिश्तेदार रमेश ने बताया कुछ दिन पहले ही महिला टिकनपाल से रेगानार आई थी। बीमार होने के चलते उसकी शुक्रवार सुबह मौत हो गई। परिजन के पास पैसा नही था, इसलिए उल्टी खाट कर टिकनपाल ले जा रहे थे। वे 10 किमी पैंदल भी चल चुके थे।