सरपंच और जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मान

रतनपुर । गाँव में शैक्षणिक वातावरण तैयार कर स्कूल प्रबंधन के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यो के लिए सरपंच और जनप्रतिनिधियों ने प्रधान पाठक शिवकुमार छत्रवांणी का सम्मान किया। कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिलदहा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में प्रधान पाठक के पद पर शिक्षक शिवकुमार छत्रवांणी पदस्थ है । शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए अंचल में चर्चित शिवकुमार ने ग्राम सिलदहा भी अभिनव पहल की जिससे गाँव के शैक्षणिक माहौल में ग्रामीणों ने बदलाव महसूस किया । सरपंच पुरुषोत्तम बिरको ने बताया शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के रखरखाव, स्वच्छता, नवाचार से अध्यापन, शाला में अनुशासन का वातावरण के साथ कोविड-19 टीकाकरण के जन जागरण पैदा करने उनकी भूमिका सराहनीय रही. करोना काल में छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन व ऑफलाइन कक्षा बच्चों को शैक्षणिक माहौल देने से गाँव का शैक्षणिक वातावरण बेहतर हुआ है। शिक्षक शिवकुमार के द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उनके सम्मान का निर्णय लिया था।

ग्राम पंचायत ने रविवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शाल श्रीफल और शील्ड प्रदान कर शिवकुमार छत्रवांणी का सम्मान किया । समारोह में उपसरपंच बिरसवाराम बिरको, शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष धनेश्वरी श्यामले, उपाध्यक्ष रमेश कुमार साहू सरजू बाई, मध्यान्ह भोजन समूह के अध्यक्ष सुनीता बाई बिरको, सचिव अनीता बाई, रोजगार सहायक चंद्रशेखर श्यामले, सचिव प्रदीप नरवाल, हरीश जायसवाल, राजेन्द्र गंधर्व सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।