बिलासपुर। त्यौहारी तैयारी को तगड़ा झटका। शक्कर अब 60 से 65 रुपए किलो।हाई जंप उस गुड़ का जिसने 70 रुपए किलो जैसी ऊंची कीमत अपने नाम कर ली है।
28 अगस्त को रक्षाबंधन। बाद के दिनों में श्री गणेश उत्सव। नवरात्रि, विजयादशमी और दीपावली। बीच की अवधि में तीज पर्व। विशेष मांग में रहती है शक्कर और गुड़ लेकिन इस बार पर्व की तैयारी पर अतिरिक्त पैसे खर्च करने होंगे क्योंकि दैनिक उपयोग की यह दोनों खाद्य सामग्रियां कीमत के मामले में काबू से बाहर जा चुकी है।
तैयारी को तगड़ा झटका
रक्षाबंधन से शुरू हो रहा है त्यौहारों का पर्व लेकिन तैयारी के पूर्व आई इस तेजी ने खुदरा कारोबारी को सकते में डाल दिया है। कम हो सकती है उपभोक्ता मांग। इस आशंका से चिल्हर बाजार की खरीदी में 25 फ़ीसदी गिरावट की खबरें हैं। इस तेजी के बाद बड़ा बदलाव यह कि पहली बार शीतकाल के दिनों के लिए अग्रिम बुकिंग तो दूर, पूछताछ तक नहीं हो रही है।

हतप्रभ हैं स्टॉकिस्ट
निर्बाध आपूर्ति पर बाधा नहीं आने पाए इसके लिए 4000 क्विंटल की स्टॉक लिमिट जैसा नियम अब भी प्रभावी है लेकिन कीमत में जैसी बढ़ोतरी हुई है उससे हतप्रभ हैं स्टॉकिस्ट क्योंकि होलसेल और रिटेल सौदे में लगभग 25 फ़ीसदी गिरावट आ चुकी है। कुछ ऐसा ही हाल गुड़ में भी बन रहा है जिसकी खरीदी एवं अग्रिम सौदे को लेकर पूछताछ तक नहीं हो रही है इसलिए भंडारण क्षमता अस्थाई रूप से कम किए जाने की योजना है।
अब 60 से 65 रुपए किलो
थी 45 से 48 रुपए किलो। बाद में 50 से 55 रुपए किलो। अब एक साथ 5 रुपए की वृद्धि के बाद शक्कर 60 रुपए किलो पर पहुंच गई है। आउटर एरिया में 65 रुपए किलो पर विक्रय हो रही है। इसी तरह जो गुड़ 60 से 64 रुपए किलो पर था, उसमें 6 रुपए की वृद्धि के बाद नई कीमत 70 रुपए किलो बोली जा रही है।