बिलासपुर। सूखा नारियल 32 से 36 रुपए। कच्चा नारियल 19, 21 और 23 रुपए। बढ़ सकती है कीमत क्योंकि पांच प्रमुख आयातक देशों के साथ घरेलू मांग भी निकलने लगी है।

दबाव में है देश में नारियल की व्यावसायिक खेती करने वाले राज्य कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश क्योंकि नवरात्रि की खरीदी चालू हो चुकी है। निर्यात सौदे के दिनों ने भी दस्तक दे दी है। इसकी वजह से घरेलू बाजार में नारियल की खरीदी महंगी पड़ सकती है।

यह राज्य, यह देश

कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश देश में सबसे ज्यादा नारियल उत्पादन करने वाले राज्य हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल, असम और उड़ीसा में भी नारियल की खेती की जाती है। निर्यातक देशों की बात करें तो वियतनाम, संयुक्त अरब अमीरात, बांग्लादेश और मलेशिया के साथ अमेरिका से भारतीय नारियल की खरीदी के लिए सौदे किए जाते हैं। मालूम हो कि भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा नारियल उत्पादक देश है।

निर्यात के साथ नवरात्रि की मांग

उत्पादक राज्यों में नारियल की नई फसल की आवक शुरू हो चुकी है। ऐसे में सक्रिय हैं प्रमुख निर्यातक देश अग्रिम सौदे के लिए। जबकि घरेलू बाजार नवरात्रि के लिए खरीदी और भंडारण का काम एक साथ करने लगा है। इसलिए उत्पादक राज्य चौतरफा दबाव में हैं। यही प्रमुख वजह है कीमतों में तेजी के लिए। बढ़ने के आसार इसलिए भी बन रहे हैं क्योंकि उत्पादक राज्य निर्यात सौदों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

डिमांड इनकी भी

नारियल जूस विक्रेता और नारियल तेल बनाने वाली ईकाइयों की मांग के साथ नारियल के रेशे से रस्सी और कारपेट बनाने वाली इकाइयों की भी मांग पहुंची हुई है। इसलिए कच्चा नारियल 19, 21 और 23 रुपए नग पर बिक रहा है, तो सूखा नारियल में प्रति नग कीमत 32 से 35 रुपए पर जा पहुंची है। इसमें आगे तेजी की धारणा को इसलिए बल मिल रहा है क्योंकि गर्मी और वैवाहिक तारीखों ने आमद दे दी है।