कृषक संगोष्ठी एवं गेहूं दिवस का आयोजन
बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सरकंडा बिलासपुर द्वारा अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान परियोजना के तहत अनुसूचित जनजाति उपयोजना अंतर्गत ग्राम भोथिया, विकासखंड जैजैपुर, जिला सक्ती में एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी व गेहूं दिवस का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि जानकी चंद्रा सदस्य प्रबंध मंडल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रहीं। अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे कृषि महाविद्यालय बिलासपुर ने अध्यक्षता की। डॉ. दिनेश पांडे, प्रमुख अन्वेषक अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान परियोजना के निर्देशन में कार्यक्रम किया गया।
अनुसूचित जनजाति उपयोजना के तहत ग्राम भोथिया, चिखल रोंदा एवं केकरामाट के 35 चयनित कृषकों के खेतों में 20 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की उन्नतशील प्रजातियों का अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन लगाया गया। प्रदर्शन में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा विकसित सीजी 1036 (विद्या), सीजी 1029 (कनिष्का), एचआई 8777 एवं जीडब्ल्यू 451 जैसी उच्च उत्पादकता वाली गेहूं की प्रजातियों को शामिल किया गया। संगोष्ठी के तकनीकी सत्र में विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने गेहूं उत्पादन की उन्नत तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने धान के बाद धान (ग्रीष्मकालीन) न लगाकर गेहूं एवं अन्य रबी फसलों के अधिक से अधिक रकबे में विस्तार करने पर बल दिया।
मुख्य अतिथि जानकी चंद्रा ने कृषकों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर फसलों की अधिकतम उत्पादकता प्राप्त करने का आग्रह किया। डॉ. एन.के. चौरे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गेहूं उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं, और किसानों को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उन्नत प्रजातियों को अपनाकर अधिक उपज प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने कृषकों को ‘डॉक्टर मोबाइल एप’ के माध्यम से कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने की भी जानकारी दी। कृषक परिचर्चा में चूहों से होने वाले नुकसान और उनके नियंत्रण पर विशेष चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने व्यावहारिक एवं कारगर उपायों की जानकारी दी, जिससे किसान अपनी फसलों को सुरक्षित रख सकें। इसमें 250 से अधिक कृषकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एन.आर. कोसले, टी.आर. साहू, प्रवीण यादव, सीताराम चंद्रा, मनहरण लाल बर्मन, डॉ. आर.के. शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कृषि उपकरणों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान 25 हितग्राही कृषकों को कृषि आदान एवं बैटरीचालित स्प्रेयर वितरित किए गए, जिससे वे अपनी कृषि प्रक्रियाओं को और अधिक कुशल बना सकें। डॉ. दिनेश पांडे ने आभार व्यक्त किया।
