उत्पादक क्षेत्र से आई बेहतर फसल की खबर
बिलासपुर। अगले माह के अंत तक आएगी लहसुन और प्याज की नई फसल। तब तक, चालू तेजी के बीच ही खरीदी करनी होगी इन दोनों की। आगे धारणा तेजी की नहीं है क्योंकि फसल की स्थिति सही बताई जा रही है।
त्यौहारी सीजन के निपट जाने के बाद शुरू होने को है शादी-ब्याह की मांग। मांग के लिहाज से दैनिक आहार में प्रमुखता के साथ रखी जाने वाली इन तीनों सामग्रियों पर मांग का दबाव बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। होलसेल मार्केट ने उत्पादक क्षेत्र को एडवांस आर्डर देने चालू कर दिए हैं ताकि समय पर खुदरा बाजार की मांग पूरी की जा सके।

इसलिए गर्म
मध्य प्रदेश के लहसुन उत्पादक क्षेत्र में बीते बरस फसल कमजोर थी। मानसून का भी साथ नहीं मिला। सीमित संसाधनों के दम पर जो फसल निकली वह मंडियों में पहुंचते ही खरीद ली गई क्योंकि देश स्तर पर मांग थी। प्याज और आलू में भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी। यही वजह रही कि तीनों में गर्मी अभी भी बनी हुई है।

राहत अगले माह से
आलू, प्याज और लहसुन की नई फसल जनवरी अंत तक आने की संभावना बन रही है। उत्पादक क्षेत्र के अनुसार इस बरस, मानसून का पूरा साथ मिला। इसलिए तीनों में उत्पादन बेहतर होगा। ऐसे में चल रही तेजी में गिरावट के आसार अभी से बनने लगे हैं। धारणा है की कीमतें अपने पूर्ववत स्तर पर आ सकतीं हैं।

होलसेल में ऐसी है कीमत
कमजोर उत्पादन के बीच देश स्तर पर निकल रही मांग से होलसेल में लहसुन लाडवा, मीडियम और बोल्ड में कीमत 170 से 250 रुपए किलो पर चल रही है। प्याज में सौदे 30 से 40 रुपए किलो पर हो रहे हैं। आलू पहाड़ी में कीमत 13 से 14 रुपए किलो और आलू गोल की पहुंच, रिटेल काउंटर तक 10 से 11 रुपए किलो में हो रही है।
