बनी रहेगी बारीक में मजबूती ?

भाटापारा। श्री गणेश, महामाया में नई फसल का। भाव 2000 से 2100 रुपए क्विंटल। जबकि सरना में नई फसल में आवक पखवाड़े बाद ही होने की संभावना है। इसलिए यह फिलहाल 2100 रुपए क्विंटल पर स्थिर है।

चालू खरीफ सत्र में मोटा धान की आवक ने दस्तक दे दी है। गुणवत्ता फिलहाल सही है लेकिन भाव ने जैसा गोता लगाया हुआ है, उससे किसान हैरान हैं। इधर सरना में मांग है। इसलिए कमजोर आवक के बावजूद खरीदी, पूर्ववत कीमत पर ही होने की खबर है। धान की दोनों किस्म में भाव तब तक ऐसे ही बने रहने की संभावना है, जब तक समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू नहीं हो जाती।

मोटा में नई फसल की आवक

कृषि उपज मंडी प्रांगण में मोटा धान की महामाया प्रजाति ने दस्तक दे दी है। बेहतर फसल के संकेत मिलने के बाद पोहा मिलों की कमजोर खरीदी नजर आने लगी है। ऐसे में भाव 2000 रुपए पर खुला और 2100 रुपए क्विंटल पर बंद हुआ। सरना में खरीदी का स्तर समान बना हुआ है। इसलिए यह 2100 रुपए क्विंटल पर ठहरा हुआ है।

बारीक में गर्मी

धान की बारीक किस्म में इस बार लगातार तेजी बने रहने के प्रबल आसार हैं क्योंकि बारीक धान की बोनी का रकबा कम होने की खबर आ रही है। इस बीच एचएमटी 2600 से 2800 रुपए क्विंटल, सियाराम 3 हजार से 3200 रुपए और विष्णुभोग में सौदे 3400 से 3600 रुपए क्विंटल पर हो रहे हैं। तेजी के आसार, आवक के दिनों में भी बने रहने की संभावना है।

रिकॉर्ड बना रहा अरहर

पर्व और त्यौहार के लिए दाल मिलों ने चौतरफा खरीदी चालू कर दी है, तो निकल रही मांग को देखते हुए बाजार ने भी अग्रिम ऑर्डर देने चालू कर दिए हैं। इसलिए प्रांगण में आ रही अरहर ने 12 हजार से 13 हजार रुपए क्विंटल का नया भाव अपने नाम कर लिया है। चना 6000 रुपए क्विंटल पर मजबूत है। बटरी में 5400 रुपए और तिवरा में 4400 रुपए पर सौदे हो रहे हैं। तिलहन में सरसों 4800 रुपए क्विंटल के भाव बोले जा रहे हैं।

By MIG